बहादराबाद से पिरान कलियर को जाने वाले मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की गयी जान,,,
हरिद्वार:
बहादराबाद से पिरान कलियर को जाने वाले मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। बहादराबाद–कलियर मार्ग स्थित सलेमपुर मोड़ पर अज्ञात डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बहादराबाद थाना क्षेत्र के बेगमपुर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर मुरादाबाद का निवासी बताया जा रहा है। युवक बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहा था, तभी सलेमपुर मोड़ के पास अज्ञात डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। युवक के सिर पर डंपर के टायर चढ़ने से वह बुरी तरह कुचला गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही चेतक कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं बहादराबाद थाने के एसएसआई नितिन सिंह बिष्ट भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अज्ञात डंपर और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

