अनियंत्रित छोटा हाथी वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 5 महीने की गर्भवती महिला की मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत,,
रुड़की:
हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित छोटा हाथी वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 5 महीने की गर्भवती महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी सास गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ममता (पत्नी सुभाष), निवासी केवलपुर थाना मंडावर, जनपद बिजनौर, अपनी सास दिनेश (पत्नी रघुनाथ) के साथ लक्सर स्थित एक निजी चिकित्सालय में उपचार के लिए आई थीं। उपचार के बाद दोनों ई-रिक्शा से वापस अपने घर लौट रही थीं।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ई-रिक्शा लक्सर-रायसी मार्ग के बीच पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज गति छोटा हाथी वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी सास गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल लक्सर के सरकारी अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पति सुभाष गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है कि ममता 5 महीने की गर्भवती थीं, जिससे परिवार में आने वाली खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं।
परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

