विकास कार्यों पर सवाल, जांच में खुली बड़ी लापरवाही,,,
रुड़की।
रुड़की ब्लॉक के माधोपुर हजरतपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गांव में कराए गए निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत के बाद प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान चौंकाने वाली स्थिति सामने आई जब संबंधित जिम्मेदार अधिकारी गांव में बनी सड़कों का स्पष्ट विवरण तक नहीं दे सके। यहां तक कि अधिकारी खुद यह बताने में असमर्थ रहे कि आखिर किन-किन स्थानों पर सड़कें बनाई गई हैं। ग्रामीण आदिल की शिकायत पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में कुल 32 विकास कार्यों में धांधली के आरोप लगाए गए हैं जिनमें सड़क निर्माण, खेतों में पाइपलाइन, नाला खुदाई और तालाब सौंदर्यीकरण जैसे काम शामिल हैं। तहसीलदार विकास अवस्थी और खंड विकास अधिकारी सुमन दत्त कुटियाल अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और मौके पर सत्यापन शुरू किया.हालांकि जानकारी के अभाव में टीम फिलहाल केवल 9 कार्यों की ही जांच कर सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी कार्यों का पूरा विवरण देने के निर्देश दिए गए हैं। अब सभी की निगाहें इस जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं जो तय करेगी कि विकास हुआ है या सिर्फ कागजों में खेल हुआ है।

