48 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, होटल संचालकों ने पीट-पीटकर युवक को उतारा था मौत के घाट,,,
रुड़की।
रुड़की के भगवानपुर से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहां मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। भगवानपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि 2 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। खास बात ये रही कि गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल की मदद से अज्ञात शव की पहचान संभव हो सकी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 17 मई को भगवानपुर थाना क्षेत्र के बहबलपुर से लव्वा गांव जाने वाले रास्ते पर नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल पर शव की फोटो अपलोड की। पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमों को उत्तर प्रदेश और हिमाचल भेजा गया।आखिरकार शव की पहचान सहारनपुर निवासी 23 वर्षीय कलीम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 120 CCTV कैमरों की जांच की। जांच में एक काली क्रेटा कार संदिग्ध मिली। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस होटल धरोहर तक पहुंची। जांच में सामने आया कि मृतक कलीम और उसका भाई कामिल काम की तलाश में भगवानपुर आए थे। रात में खाना खाने के लिए दोनों होटल धरोहर पहुंचे जहां किसी बात को लेकर होटल संचालकों से विवाद हो गया। आरोप है कि होटल में मौजूद युवकों ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। कामिल किसी तरह वहां से भाग निकला, लेकिन कलीम को आरोपियों ने इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को क्रेटा कार की डिग्गी में रखकर लव्वा गांव के नदी किनारे फेंक आए। पुलिस ने इस मामले में सौरभ चौहान,अंकित कुमार,हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल डंडे,मृतक का मोबाइल और क्रेटा कार भी बरामद कर ली गई है।
*बाइट- शेखर चंद्र सुयाल (एसपी देहात)*

