जेल के बाहर चली गोलियां- 72 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन,पुलिस ने दबोचा एक आरोपी,फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की में जेल के बाहर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का गंगनहर पुलिस ने महज तीन दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। 11 जून को गंगनहर क्षेत्र में जेल के बाहर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी। रामपुर निवासी अफजाल की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोप था कि पांच से छह युवकों ने जानलेवा फायरिंग करते हुए युवकों को धमकाया और क्षेत्र में भय का माहौल बनाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार जांच और दबिश के बाद पुलिस ने रामनगर चौक क्षेत्र से समीर नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। घटना में शामिल अन्य फरार बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रभारी निरीक्षक गंगनहर मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि अपराध और अपराधियों के प्रति हमारी नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

