उत्तराखण्ड के हज यात्रियों की वतन वापसी का सिलसिला जारी,,,
नई दिल्ली:
उत्तराखण्ड के हज यात्रियों की वतन वापसी का सिलसिला जारी है। दो अलग-अलग उड़ानों से कुल 408 हज यात्री सकुशल भारत लौटे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर पहुंचे हाजियों का उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने फूल-मालाएं पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फ्लाइट संख्या SV5710 सुबह 5:25 बजे 305 हज यात्रियों को लेकर नई दिल्ली पहुंची, जबकि दूसरी फ्लाइट संख्या SV5814 शाम 6:25 बजे 103 हज यात्रियों के साथ इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी। दोनों उड़ानों से लौटे सभी हाजियों का आत्मीय स्वागत किया गया।
इस दौरान हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने हज यात्रियों से यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। हाजियों ने बताया कि मक्का और मदीना में उन्हें बेहतरीन व्यवस्थाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उनका हज सफर बेहद सुगम और संतोषजनक रहा। हाजियों ने खुशी का इजहार करते हुए इसके लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरन रिजिजू, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।
हाजियों ने उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद का भी विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि हज यात्रा की शुरुआत से लेकर वतन वापसी तक उन्होंने हर स्तर पर भरपूर सहयोग प्रदान किया, जिसके चलते पूरी यात्रा यादगार और सुविधाजनक रही। इस अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के हज अधिकारी मोहम्मद अहसान व कार्यालय स्टाफ अब्दुल कादिर भी मौजूद रहे।

