रुड़की में उत्तराखंड क्रांति दल ने युवा शक्ति के दम पर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल फूंका,यूकेडी में युवाओं की बढ़ी एंट्री,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की में उत्तराखंड क्रांति दल ने युवा शक्ति के दम पर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल फूंक दिया है। शहर में आयोजित एक भव्य सदस्यता कार्यक्रम के दौरान 50 से अधिक युवाओं ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा और उत्तराखंड के हितों की लड़ाई में साथ देने का संकल्प लिया। इस मौके पर युवा नेता मधुसूदन जोहरी को युवा मोर्चा का महानगर संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। जिला अध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान और युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष मिलिंद चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली। नवसदस्यों ने रोजगार, मूल निवास, भू-कानून और उत्तराखंड के स्वाभिमान जैसे मुद्दों पर संघर्ष करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद यूकेडी के केंद्रीय सचिव एडवोकेट महक सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश का युवा अपने अधिकारों और राज्य के मूल मुद्दों को लेकर जागरूक हो चुका है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं का पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि उत्तराखंड में एक मजबूत क्षेत्रीय राजनीतिक विकल्प की आवश्यकता महसूस की जा रही है। जिला अध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान ने सभी नवसदस्यों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि संगठन में शामिल प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर उत्तराखंड के हितों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

