उत्तराखंड पुलिस ने एलआईयू में तैनात दिवंगत निरीक्षक मनोज मनराल को पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई,,,
देहरादून;
उत्तराखंड पुलिस ने एलआईयू में तैनात दिवंगत निरीक्षक मनोज मनराल को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक अभिसूचना अभिनव कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और पुलिस अधिकारियों व जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम सलामी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद देहरादून में निरीक्षक (एलआईयू) के पद पर तैनात मनोज मनराल का 22 जुलाई को हृदयाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी।
पुलिस लाइन देहरादून में उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक अभिसूचना अभिनव कुमार तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निरीक्षक मनोज मनराल के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
राजकीय सम्मान के साथ हुई अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, परिजन और शुभचिंतक मौजूद रहे। पूरे सम्मान के साथ दी गई अंतिम सलामी ने सभी की आंखें नम कर दीं।

