कलियर पुलिस में बिछड़ो को मिलाने में महारथ हासिल रखने वाले दिवान सोनू चौधरी ने पांच वर्षीय बालक को परिजनों से मिलाया,,,
कलियर।
दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए आए परिवार से भीड़ के बीच बिछड़े पांच वर्षीय बालक को कलियर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हज हाउस के पास से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
बिंदु खड़क थाना झबरेड़ा निवासी अमित अपने परिवार के साथ कलियर दरगाह में जियारत के लिए आए थे। इसी दौरान भीड़ में उनका पांच वर्षीय बालक लकी उनसे बिछड़ गया। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में बच्चे की फोटो दिखाकर जानकारी जुटाई और स्थानीय वाट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से भी बच्चे की जानकारी प्रसारित की। साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्चे की तलाश तेज कर दी।पुलिस की सक्रियता और लगातार प्रयासों के बाद लापता बालक को हज हाउस के पास से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए टीम का आभार जताया।टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, जयप्रकाश, जितेंद्र कुमार, नीरज राणा और महिला होमगार्ड गीता शामिल रहे।

