राजधानी में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के पीछे महज अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पूरी सोची-समझी साजिश आयी सामने,,,
देहरादून:
राजधानी में दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट के पीछे महज अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पूरी सोची-समझी साजिश सामने आई है। प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े लोगों के बीच की जान-पहचान का फायदा उठाकर बदमाशों ने पहले नकदी की जानकारी जुटाई और फिर रास्ते में वाहन को घेरकर लूट की पटकथा को अंजाम दे दिया। पटेलनगर क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में एक चर्चित युवा नेता को कथित मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हरिपुर कलां निवासी राजेश कुमार सोनी सात नवंबर को प्लॉट के सौदे के सिलसिले में देहरादून आए थे। उन्हें दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद मिले थे। इसके बाद वह अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ वाहन से इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अस्पताल के पास एक्टिवा और बाइक सवार चार-पांच युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपितों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में पता चला कि बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि राजेश कुमार सोनी के पास प्लॉट के सौदे से संबंधित मोटी रकम मौजूद है। यह जानकारी कथित तौर पर उनके परिचित के जरिए लुटेरों तक पहुंची थी। इसके बाद रकम लूटने की योजना तैयार की गई और वारदात को अंजाम देने के लिए साथियों की भूमिका तय की गई।
एसएसपी प्रर्मेंद्र डोबाल के निर्देश पर कोतवाली पटेलनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अल्का डेयरी से मेहूवाला की ओर जाने वाले रास्ते से तीन आरोपितों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई रकम में से डेढ़ लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। इस पूरे घटनाक्रम में एक चर्चित युवा नेता की भूमिका मास्टरमाइंड के तौर पर सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि वाहन को टक्कर मारकर घेरने से लेकर नकदी का बैग लूटने तक की रणनीति उसी ने तैयार की थी।
हालांकि, पुलिस के सामने अभी सबसे बड़ी चुनौती कथित मास्टरमाइंड और लूट में शामिल चार अन्य आरोपितों तक पहुंचने की है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। तीन गिरफ्तारियों के बाद अब सवाल यह है कि साजिश के पीछे बताए जा रहे चेहरे तक पुलिस कब पहुंचती है और लूटी गई शेष रकम की बरामदगी कब तक हो पाती है।
पुलिस टीम: निरीक्षक नरेश राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक आशीष कुमार, उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह तथा कांस्टेबल पंकज कुमार, गौरव कुमार, सूरज राणा और संदीप कुमार शामिल रहे।

