कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था का खाका पूरी तरह तैयार,,,
कांवड़ मेले को 16 सुपर जोन, 37 जोन और 134 पुलिस क्षेत्र में विभाजित किया गया है। सुपर जोन का कार्यभार पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपा ,,,
हरिद्वार।
कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था का खाका पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। बुधवार को पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में हुई बड़ी बैठक में मेलाधिकारीगण व पुलिस बल को यात्रा संचालन के दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने की। उनके साथ एडीजी अभिसूचना ए.पी. अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक यातायात एन.एस. नपच्याल और गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने भी पुलिस कर्मियों को यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सजग व सतर्क रहने के निर्देश दिए।
जोनवार व्यवस्थाएं, अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व…..
इस बार कांवड़ मेले को 16 सुपर जोन, 37 जोन और 134 पुलिस क्षेत्र में विभाजित किया गया है। सुपर जोन का कार्यभार पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है। जोनों की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी या निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को दी गई है, जबकि प्रत्येक क्षेत्र का संचालन थाना प्रभारी या उपनिरीक्षक देखेंगे।
चौबीसों घंटे निगरानी, अफवाहों पर रहेगी नजर…..
एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने कहा कि कांवड़ मेला इस बार बड़ी चुनौती है। पहले के अनुभवों से सीख लेकर इस बार सुनियोजित कार्यशैली अपनानी होगी। किसी भी अफवाह, घटना या विवाद की स्थिति में पुलिसकर्मी मूकदर्शक न बनें। तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों को दें और स्थिति पर नियंत्रण करें।
यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त….
पुलिस महानिरीक्षक यातायात एन.एस. नपच्याल ने कहा कि भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन सबसे अहम पक्ष हैं। सभी वाहन नियत पार्क स्थलों में ही खड़े कराए जाएं। हरकी पैड़ी क्षेत्र को पूर्णतः वाहन मुक्त रखा जाए।
तकनीक के सहारे निगरानी…..
पूरे मेला क्षेत्र में 11 उड़न कैमरे (ड्रोन) और सैकड़ों निगरानी कैमरे (सीसीटीवी) लगाए गए हैं। नियंत्रण कक्ष से पूरे समय गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
मेले में तैनात रहेंगे इतने सुरक्षाकर्मी….
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक: 1
अपर पुलिस अधीक्षक: 14
पुलिस उपाधीक्षक: 28
निरीक्षक/थाना प्रभारी: 57
उपनिरीक्षक/महिला उपनिरीक्षक: 370
मुख्य आरक्षी/आरक्षी: 1146
प्रशिक्षु आरक्षी: 171
पीएसी/आईआरबी/आपदा बल: 10 कंपनियां
केन्द्रीय सशस्त्र बल: 9 कंपनियां
विशेष पुलिस अधिकारी (SPO): 742
जल पुलिस, आपदा राहत बल, घुड़सवार पुलिस, बम निरोधक दस्ते, खोजी श्वान दल, आग नियंत्रण इकाइयाँ – 60 से अधिक दल
ड्यूटी करने वाले जवानों के लिए भी विशेष व्यवस्था…..
एसएसपी डोबाल ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी बरसाती, डंडा, टॉर्च साथ रखें। उन्हें नींबू पानी, ओआरएस, ताजे भोजन और दवाइयों की निरंतर आपूर्ति की जाएगी। ड्यूटी समय में कोई भी कर्मी नशा न करें, और किसी भी समस्या की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारी को तत्काल सूचित करें।
हर दिन चुने जाएंगे उत्कृष्ट प्रहरी…..
प्रत्येक सुपर जोन से प्रतिदिन एक-एक कर्मी को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।