भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल का किया घेराव,,,
रुड़की।
रुड़की में पूर्व विधायक और राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल से जुड़े मारपीट प्रकरण ने अब नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल पहुंचकर जमकर धरना-प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार कराकर उनके कार्यकर्ता को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है।
झबरेड़ी खुर्द में आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद दर्ज मुकदमे को लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल में प्रदर्शन किया। महक सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन और सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से हमला और गंभीर चोटें दर्शाई गई हैं, जबकि वायरल वीडियो में ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं देता। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते मेडिकल रिपोर्ट को मनमाने तरीके से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने वाले चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में सिविल अस्पताल के सीएमएस को ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में पहले भी फर्जी मेडिकल रिपोर्ट बनाने के मामले सामने आते रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर सीएमएस डॉ. ए.के. मिश्रा ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल झबरेड़ी खुर्द विवाद को लेकर राजनीति गर्माती नजर आ रही है।

