जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन बंद होने के बावजूद धडल्ले से चल रहा खनन ,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त आदेश जारी कर रहा है। हाल ही में खनन विभाग में अधिकारियों के तबादले भी किए गए लेकिन इसके बावजूद खनन माफियाओं के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। दो दिनों की लगातार भारी बारिश से जहां आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त है वहीं रुड़की में आसफ़नगर के पास बंद पड़ी गंगनहर के भीतर दिनदहाड़े जेसीबी और ट्रैक्टरों से कथित अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। यह तस्वीरें प्रशासनिक आदेशों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। बताया जा रहा है कि रुड़की तहसील के आसफ़नगर गांव के पास बंद पड़ी गंगनहर में छोटी जेसीबी मशीन लगाकर आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए कथित तौर पर अवैध खनन किया जा रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह पूरा काम दिन के उजाले में खुलेआम किया जा रहा है। जिला अधिकारी की ओर से मानसून और भारी बारिश को देखते हुए पूरे जिले में खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद यदि यह गतिविधियां जारी हैं तो यह प्रशासनिक आदेशों की प्रभावशीलता और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से एक ओर गांवों और शहरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है जबकि दूसरी ओर खनन माफिया बिना किसी भय के जेसीबी और ट्रैक्टरों से खनन में जुटे हुए हैं। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की ओर से समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे मामलों पर रोक नहीं लग पा रही है। इस पूरे मामले पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ का कहना है कि जिले में खनन पर पूरी तरह से रोक लगी हुई है। इस तरह का मामला सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

