त्योहारों की आहट के बीच दून पुलिस ने पटेलनगर में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए एक साथ तीन मोर्चों पर की मोर्चाबंदी,,,

त्योहारों की आहट के बीच दून पुलिस ने पटेलनगर में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए एक साथ तीन मोर्चों पर की मोर्चाबंदी,,,

त्योहारों की आहट के बीच दून पुलिस ने पटेलनगर में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए एक साथ तीन मोर्चों पर की मोर्चाबंदी,,,

देहरादून;

त्योहारों की आहट के बीच दून पुलिस ने पटेलनगर में कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए एक साथ तीन मोर्चों पर मोर्चाबंदी कर दी है। कहीं किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की कुंडली खंगाली गई, तो कहीं अवैध शराब के कारोबार पर चोट की गई। सार्वजनिक स्थान पर लड़ाई-झगड़ा कर माहौल बिगाड़ने वालों को भी पुलिस ने कानून का पाठ पढ़ाते हुए सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। व्यापक सत्यापन अभियान में जहां नियमों की अनदेखी करने वाले 35 भवन स्वामियों पर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, वहीं 200 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ एक महिला तस्कर गिरफ्तार हुई। उधर, नयागांव में विवाद के बाद हुड़दंग कर रहे तीन लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पटेलनगर क्षेत्र में दून पुलिस की इन तीन कार्रवाइयों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर देहरादून पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग टीमों के माध्यम से सत्यापन अभियान चलाने के साथ अवैध शराब की तस्करी और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान में किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के साथ पूर्व में आपराधिक मामलों में सामने आए लोगों की गतिविधियों की भी पड़ताल की गई। वहीं, खाद्य विभाग की टीम के साथ डेयरी और गोदामों में औचक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री की जांच भी की गई।

इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पटेलनगर कोतवाली पुलिस की इन कार्रवाइयों में नियमों का उल्लंघन करने वाले भवन स्वामियों से लेकर अवैध शराब बेचने और सार्वजनिक स्थान पर विवाद करने वालों तक पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, सत्यापन नियमों की अनदेखी करने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

केस-1: पटेलनगर में सत्यापन अभियान से मचा हड़कंप, 500 से अधिक लोगों की जांच; 35 भवन स्वामियों पर 3.50 लाख का जुर्माना…
पटेलनगर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। शनिवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, ब्राह्मणवाला और पाम सिटी समेत 8कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और आपराधिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों की जांच की। मलिन बस्तियों के साथ पॉश कॉलोनियों में भी पुलिस ने दस्तक दी, जिससे किरायेदारों और भवन स्वामियों के सत्यापन संबंधी रिकॉर्ड की पड़ताल की जा सके।

अभियान के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। इसके साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में लिप्त रहे, मामलों में प्रकाश में आए जमानत पर चल रहे 12 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए गए, तो उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सत्यापन के दौरान किरायेदारों और घरेलू नौकरों का नियमानुसार सत्यापन नहीं कराने समेत अन्य अनियमितताएं सामने आने पर पुलिस ने 35 भवन स्वामियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की। इन भवन स्वामियों पर कुल 3 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से उन मकान मालिकों को कड़ा संदेश दिया गया है, जो अपने यहां किरायेदार अथवा घरेलू सहायक रखने के बावजूद सत्यापन संबंधी नियमों का पालन नहीं करते।

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने खाद्य पदार्थों के भंडारण और बिक्री पर भी निगरानी बढ़ाई। मिलावटी खाद्य पदार्थों की आशंका और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य विभाग की टीम को साथ लेकर डेयरी और गोदामों समेत विभिन्न स्थानों पर औचक छापेमारी की गई। इस दौरान संदिग्धता के आधार पर छह व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस के मुताबिक, उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। हालांकि, इन व्यक्तियों के विरुद्ध किसी अपराध की पुष्टि होने संबंधी जानकारी प्रेस नोट में नहीं दी गई है।

केस-2: बाजार में चेकिंग के दौरान पकड़ी गई महिला शराब तस्कर, चार पेटियों से ज्यादा अवैध शराब बरामद….
पटेलनगर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाजार पटेलनगर क्षेत्र से महिला को पकड़ा, जिसके कब्जे से 200 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की मात्रा चार पेटियों से अधिक बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार महिला की पहचान सीता देवी (45 वर्ष), पत्नी विजय, निवासी ब्रह्मपुरी, थाना पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शिखा, कांस्टेबल अनिल सालार और कांस्टेबल नितिन शामिल रहे।

केस-3: नयागांव में दो पक्षों का विवाद बना बवाल, पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने; तीन गिरफ्तार…..
पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब दोनों ओर से सार्वजनिक स्थान पर लड़ाई-झगड़ा और हुड़दंग किया जाने लगा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद शांत कराने और संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस की बात मानने के बजाय और अधिक उग्र हो गए। स्थिति बिगड़ने और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को कोतवाली पटेलनगर में सूचना मिली थी कि नयागांव क्षेत्र में दो पक्ष आपस में भिड़े हुए हैं और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन संबंधित व्यक्ति शांत होने को तैयार नहीं हुए और आपस में मारपीट पर उतारू हो गए।

मौके पर स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मो. अफजल (30 वर्ष), पुत्र अनवर हुसैन, निवासी परवल उम्मेदपुर, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून; इकबाल (33 वर्ष), पुत्र बुन्दु, निवासी परवल उम्मेदपुर, कोतवाली पटेलनगर, देहरादून; व अलीशेर (42 वर्ष), पुत्र बिन्दु हसन, निवासी सिंगनीवाला, सहसपुर के रूप में हुई है।

उत्तराखंड