मामला निपटाने के नाम पर कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सोनिया को सतर्कता विभाग की टीम ने किया गिरफ्तार,,,
हरिद्वार;
लेन-देन के विवाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर मामला निपटाने के नाम पर कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में रानीपुर थाने में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सोनिया को सतर्कता विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। 10 अक्टूबर 2026 को की गई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का दूसरे पक्ष के साथ लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि मामले में समझौता कराने और विवाद निपटाने के एवज में महिला एएसआई ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता सेक्टर देहरादून की टीम ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने रिश्वत लेते हुए महिला एएसआई को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। 10 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए टीम ने कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए सोनिया को गिरफ्तार कर लिया।
रिश्वत मांगने पर यहां करें शिकायत
सतर्कता विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम करने के बदले रिश्वत मांगता है, तो टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराएं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

