देर रात एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा,सात लोगों की मौत,,,
बिजनौर:
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में देर रात एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
यह दर्दनाक हादसा बिजनौर के थाना धामपुर क्षेत्र में हरिद्वार-काशीपुर नेशनल हाईवे पर स्थित फायर स्टेशन के पास रात करीब 2 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार क्रेटा कार ने एक ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के बाद ऑटो आगे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में ऑटो में सवार सभी सात लोगों की मौके पर मौत हो गई।हादसे में जिन सात लोगों की मौत हुई, उनमें चार पुरुष, दो महिलाएं और एक लड़की शामिल हैं। मृतकों की पहचान खुर्शीद अंसारी (65) दूल्हे के पिता, विशाल (25) दूल्हा, खुशी (22) दुल्हन, मुमताज (32) खुर्शीद के साढ़ू, रूबी (28) मुमताज की पत्नी, बुशरा (11) मुमताज की बेटी व अजब सिंह (45) ऑटो चालक शामिल है।
———————————
शादी से घर लौट रहा था परिवार…..
गांव तीबड़ी निवासी खुर्शीद अंसारी अपने बेटे विशाल का निकाह झारखंड की खुशी के साथ करवाकर लौट रहे थे। मुरादाबाद से परिवार ऑटो बुक कर अपने गांव आ रहा था। ऑटो में कुल सात लोग सवार थे। जैसे ही ऑटो फायर स्टेशन के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार क्रेटा कार ने टक्कर मार दी।
———————————
घायलों का हाल….
हादसे में क्रेटा कार सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान शेरकोट के कोटरा मोहल्ला निवासी अमन (30) और सुहेल (28) के रूप में हुई है। दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
———————————
मुख्यमंत्री का निर्देश….
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों का समुचित इलाज कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसा घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
———————————
गांव में शोक का माहौल….
गांव तीबड़ी में इस हादसे से मातम छा गया है। गांव के प्रधान शमीम अहमद ने बताया कि यह घटना पूरे गांव के लिए बड़ी त्रासदी है। परिवार के सात सदस्यों की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वही पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल क्रेटा कार के चालक और अन्य संदिग्धों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। वहीं, घायलों से पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।