साईं मंदिर के पास एक बेकाबू मर्सिडीज ने चार पैदल यात्रियों को कुचल दिया, जिससे इलाके में मचा हड़कंप, देहरादून पुलिस की मुस्तैदी से उसे दिल्ली से किया गया गिरफ्तार,,,
देहरादून:
शहर के सबसे पॉश इलाकों में से एक राजपुर रोड बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना। साईं मंदिर के पास एक बेकाबू मर्सिडीज ने चार पैदल यात्रियों को कुचल दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन देहरादून पुलिस की मुस्तैदी से उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी की पहचान वंश कत्याल, निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है। वंश बीबीए करने के बाद दिल्ली में नौकरी कर रहा था, लेकिन हाल ही में देहरादून आया था और यहां एक पीजी में रह रहा था।
————————————-
कैसे हुआ हादसा…?
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि बुधवार की शाम वंश अपने भांजे के साथ सहस्त्रधारा रोड स्थित कारीगरी रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वहां से लौटते वक्त उसका भांजा कार में घूमने की ज़िद करने लगा। भांजे की खुशी के लिए वंश ने मर्सिडीज निकाली और शहर की सड़कों पर फर्राटा भरने लगा। लेकिन किसे पता था कि ये मस्ती चंद पलों में दहशत में बदल जाएगी। जैसे ही वंश राजपुर रोड पर पहुँचा, अचानक सामने एक स्कूटी आ गई। उसे बचाने के चक्कर में उसने कार पर से नियंत्रण खो दिया, और देखते ही देखते पैदल चल रहे चार लोगों को कुचल दिया!
————————————-
हादसे के बाद भागा दिल्ली….
हादसे के बाद वंश ने मौके से फरार होने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। वह सीधा सहस्त्रधारा रोड पहुँचा, अपने परिचित से स्कूटी मांगी और भांजे को घर छोड़ने के बाद दिल्ली भाग गया।
—————————————
पुलिस की मुस्तैदी से दबोचा गया आरोपी…..
जैसे ही हादसे की खबर पुलिस तक पहुँची, टीम हरकत में आ गई। घटनास्थल पर डीआईजी गढ़वाल, राजीव स्वरूप, देहरादून एसएसपी अजय सिंह समेत आलाधिकारियों ने पहुँचकर घटना की जानकारी जुटाई, और आवश्यक दिशानिर्देश दिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी की तलाश शुरू हुई। 24 घंटे के भीतर पुलिस ने वंश कत्याल को दिल्ली से दबोच लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
—————————————
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी….
इस दर्दनाक हादसे में घायल चारों पैदल यात्रियों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, दो की हालत गंभीर बनी हुई है।