देवभूमि का बढ़ा गौरव बढ़ा- शूटिंग बॉल विश्व कप में रुड़की के दो युवा भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व,,,
रुड़की।
देवभूमि उत्तराखंड ने एक बार फिर खेल के मैदान में इतिहास रच दिया है। शूटिंग बॉल विश्व कप के लिए भारतीय टीम में रुड़की के दो होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है जिसने पूरे प्रदेश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। उत्तराखंड के लिए यह गर्व और सम्मान का ऐतिहासिक क्षण है। रुड़की क्षेत्र के गांव बेल्डी निवासी सूरज चौधरी पुत्र श्री जगपाल सिंह और शेरपुर खेलमऊ निवासी नवनीत कुमार पुत्र नरेंद्र सिंह, का चयन शूटिंग बॉल विश्व कप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। यह चयन 44वीं सीनियर शूटिंग बॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान चयन समिति द्वारा किया गया। 1 से 3 फरवरी तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में आयोजित होने वाले दूसरे शूटिंग बॉल विश्व कप में 15 देशों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। यह विश्व स्तरीय प्रतियोगिता केंद्र सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त है और इसका आयोजन शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा एशियन एवं इंटरनेशनल शूटिंग बॉल फेडरेशन के बैनर तले किया जा रहा है। इसके लिए पूरे भारत से टीम में 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया है जिसमें उत्तराखंड के रूड़की के दो युवा खिलाड़ी शामिल हैं। पिछले पाँच वर्षों से सूरज चौधरी और नवनीत कुमार लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।उनकी इस उपलब्धि को चयन समिति और खेल संघ के पदाधिकारियों ने कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया है।उत्तराखंड से दो खिलाड़ियों का विश्व कप के लिए चयन होना राज्य के खेल इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है जिससे खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। इस दौरान चयनित खिलाड़ी सूरज चौधरी ने बताया कि शूटिंग बॉल विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चयन होना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह सब मेरे माता-पिता,कोच और उत्तराखंड के लोगों के आशीर्वाद से संभव हुआ है। मैंने कई सालों तक लगातार मेहनत की है और अब कोशिश रहेगी कि विश्व कप में देश और देवभूमि उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकूं। देवभूमि के इन दो लालों ने साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों और मेहनत सच्ची हो तो छोटे गांवों से निकलकर भी दुनिया के मंच तक पहुँचा जा सकता है।

