कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मचने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आया नजर ,,,
हरिद्वार:
कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मचने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर नजर आया। सुरक्षा के मद्देनज़र जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद परिसर में बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वॉड और पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन तलाशी ली गई, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू किया गया। पुलिस टीमों ने मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वॉड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की और न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने किया। उनकी अगुवाई में सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा और उनकी टीम ने बीडीएस दस्ते के साथ मिलकर न्यायालय परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय परिसर में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया, जिससे आमजन और अधिवक्ताओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील स्थलों पर इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

