मेडिकल संचालकों को नारकोटिक एवं अन्य नशीली दवाओं के सुरक्षित भंडारण और उनके स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखने के सख्त निर्देश,,,अनिता भारती ड्रग इंस्पेक्टर
कलियर।
लालढांग मेडिकल एसोसिएशन द्वारा हरिद्वार-नजीबाबाद मार्ग स्थित एक होटल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, सरकारी नियमों के कड़ाई से पालन और समाज को नशा मुक्त बनाने के संकल्प पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने मेडिकल संचालकों को नारकोटिक एवं अन्य नशीली दवाओं के सुरक्षित भंडारण और उनके स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिलेखों के संधारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन और पारदर्शिता प्रत्येक मेडिकल संचालक की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान श्यामपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज रावत ने मेडिकल स्टोर संचालकों से नशा मुक्ति अभियान में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में मेडिकल संचालकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में काम करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार ने सदस्यों से अपील की कि वे चिकित्सा क्षेत्र की गरिमा बनाए रखें तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ सजग और सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में डॉ. बी.के. विश्वास, गौतम सिंह, अमरनाथ, सत्यम सैनी, गगन कर्णवाल, मनीष, श्रीकांत, गौरव, अरमान अंसारी सहित क्षेत्र के अनेक मेडिकल संचालक उपस्थित रहे।

