रुड़की नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, मिला यूथ कांग्रेस का समर्थन,,,
रुड़की।
रुड़की नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आज चौथे दिन भी जारी रही। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सभी सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर नगर निगम पड़ाव में धरना दिया। धरने के दौरान सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिला और पुरुष सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरने को समर्थन देने के लिए यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रणय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन, सुविधाओं और अन्य समस्याओं को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन से मांग की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। मजबूर होकर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। वहीं कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं लेकिन उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन को जल्द से जल्द कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए अन्यथा कांग्रेस सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को और मजबूती से समर्थन देगी।
फिलहाल हड़ताल जारी रहने से शहर की सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है और कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं।

