अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश,तीन गिरफ्तार 8 बाइक बरामद,,,
रुड़की।
रुड़की से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आठ दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को यह सफलता मिली है। क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया था। चेकिंग के दौरान पनियाला लाठरदेवा तिराहे से पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को ये आरोपी शक्ति विहार के पास खंडहरों में छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें मॉडिफाई कर बेच देते थे ताकि पहचान छुपाई जा सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल आठ दोपहिया वाहन बरामद किए हैं जिनमें 4 वाहन पहले से दर्ज मुकदमों से जुड़े हैं जबकि अन्य वाहनों की जांच जारी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस का लगातार अभियान जारी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

