स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से साबरी गेस्ट हाउस में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक स्वास्थ्य शिविर का किया गया आयोजन,,,
शिविर में लगभग 500 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों को वितरित की निःशुल्क दवाइयां,,,
कलियर।
अनवर राणा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से साबरी गेस्ट हाउस में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कलियर विधायक फुरकान अहमद, एनएचएम डायरेक्टर रश्मि पंत तथा मुख्य चिकित्साधिकारी हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह ने संयुक्त रूप से किया।शिविर में लगभग 500 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं संस्थागत प्रसव के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। गुरुवार को आयोजित इस शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे घर पर प्रसव कराने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में ही प्रसव कराएं, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रह सकें। इसके अलावा अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बीमारियों की जांच, एक्स-रे तथा टीबी परीक्षण भी किए गए।इस अवसर पर विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि ऐसे शिविरों से लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। उन्होंने क्षेत्र में नियमित रूप से इस प्रकार के शिविर आयोजित करने पर जोर देते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग भी की।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के प्रति जागरूक करना और उनकी स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करना है। वहीं, एनएचएम डायरेक्टर रश्मि पंत ने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में जिला अल्पसंख्यक अधिकारी इप्सिता रावत, एसीएमओ रमेश सिंह कुँवर, अनिल वर्मा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रुड़की डॉ. राव अकरम ,चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम अहमद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

