श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने श्रम विभाग के समक्ष उठाई जोरदार आवाज,,,
हरिद्वार:
श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने श्रम विभाग के समक्ष जोरदार आवाज उठाई। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव वरुण बालियान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सहायक श्रम आयुक्त के माध्यम से श्रम आयुक्त, उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के लिए ₹13,800 प्रतिमाह न्यूनतम वेतन तय किया जाना वर्तमान महंगाई के दौर में श्रमिकों के साथ अन्याय है। वरुण बालियान ने कहा कि एलपीजी गैस, पेट्रोल, स्कूल फीस, दवाइयों और राशन जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में इतनी कम मजदूरी पर श्रमिक परिवार का भरण-पोषण करना संभव नहीं है। उन्होंने मांग उठाई कि न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर ₹20,000 किया जाए, जबकि अर्द्धकुशल श्रमिकों के लिए ₹25,000 और कुशल श्रमिकों के लिए ₹30,000 प्रतिमाह निर्धारित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर सरकार ने इस मांग पर गंभीरता से विचार कर निर्णय नहीं लिया, तो हरिद्वार में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान पूर्व पार्षद इसरार सलमानी और पूर्व नगर अध्यक्ष अंकित चौहान ने कहा कि सरकार सिडकुल स्थापित होने के बाद 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे को भी पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग दोहराई और कहा कि उन्हें उनका अधिकार मिलना चाहिए।वहीं हाजी इरफान अंसारी और महिपाल सिंह रावत ने आरोप लगाया कि सिडकुल क्षेत्र की कई कंपनियों में श्रमिकों का उत्पीड़न लगातार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से यह मांग भी रखी गई है कि सभी कंपनियों में रजिस्टर्ड ट्रेड यूनियनों को मान्यता दी जाए, ताकि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर किया जा सके।
ज्ञापन देने के दौरान पार्षद प्रतिनिधि हाजी शहाबुद्दीन अंसारी, मन्नू, चंद्रेश कुमार, संजय कुमार, अंकुर वर्मा, सुमित पांडे, इम्मी, मोहित चौधरी, बुला चौधरी, अयान, अक्षय नागपाल, कुंवर सिंह बिष्ट, अज्जू, शौकत, जावेद, मोहित और विशाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

