रुड़की में आसमानी आफत का LIVE वीडियो, मंगलौर में धमाके के साथ गिरी बिजली, रोंगटे खड़े कर देगा यह मंजर…
रुड़की।
रुड़की के मंगलौर इलाके में आज रात भीषण आंधी-तूफान के बीच आकाशीय बिजली गिरी है। बिजली गिरने का यह खौफनाक मंजर वहां मौजूद एक शख्स के मोबाइल कैमरे में लाइव रिकॉर्ड हो गया है।
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। रुड़की के मंगलौर में आज रात करीब 9 बजकर 20 मिनट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेज आंधी के साथ आसमान से काल बनकर आकाशीय बिजली नीचे आ गिरी। वीडियो में आप साफ देख सकते हैं कि मंगलौर के एक व्यस्त इलाके अम्ब्रेला कैफे के पास में अचानक एक जोरदार धमाका होता है और आसमान से गिरती बिजली के कारण चारों तरफ तेज रोशनी की चिंगारियां बिखर जाती हैं।
बिजली गिरने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग खौफजदा हो गए। गनीमत यह रही कि बिजली सीधे सड़क पर चल रहे लोगों या वाहनों पर नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस आकाशीय बिजली के कारण इलाके में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। प्रशासन नुकसान का जायजा ले रहा है।
मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया था। हमारी आप सभी से अपील है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।

