घर की पानी की टंकी में एक-दो नहीं बल्कि 27 सांप के बच्चे मिलने से परिवार के लोगों में मचा हड़कंप,,,
हरिद्वार:
गर्मी के मौसम में पानी की टंकियों की सफाई और जांच कितनी जरूरी है, इसका अंदाजा हरिद्वार के सराय ग्राम की इस घटना से लगाया जा सकता है। यहां एक घर की पानी की टंकी में एक-दो नहीं बल्कि 27 सांप के बच्चे मिलने से परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। टंकी में बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने पर घर के सदस्य दहशत में आ गए और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्नेकमैन तालिब और भोला ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए टंकी में मौजूद सभी 27 सांप के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान सांपों की पहचान ‘चेकर्ड कीलबैक’ (Checkered Keelback) प्रजाति के रूप में की गई, जिन्हें सामान्य भाषा में पानी का सांप भी कहा जाता है।
वन विभाग की टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। साथ ही लोगों से अपील की कि घरों की पानी की टंकियों और आसपास के स्थानों की नियमित सफाई और जांच करते रहें और किसी भी प्रकार के सांप दिखाई देने पर उन्हें पकड़ने का प्रयास करने के बजाय तत्काल विशेषज्ञों या वन विभाग को सूचना दें।

