शिवपुरम में जनआक्रोश चरम पर,सांसद के गुमशुदगी के लगाए पोस्टर,राज्यमंत्री को घंटो झेलना पड़ा विरोध,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की में जल निकासी और सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब उग्र रूप लेता नजर आ रहा है। धरने के आठवें दिन प्रदर्शनकारियों ने सांसद के कथित गुमशुदगी पोस्टर चस्पा कर दिए जबकि धरनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक और दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल को करीब डेढ़ घंटे तक रोककर लोगों ने अपना आक्रोश जताया। इतना ही नहीं आज काम शुरू न होने पर छह जनप्रतिनिधियों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालने की चेतावनी भी दी गई है।पनियाला रोड स्थित शिवपुरम और आसपास की कॉलोनियों के लोग पिछले आठ दिनों से धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में क्षेत्र जलभराव की गंभीर समस्या से जूझता है और हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। प्रदर्शनकारियों ने आजाद नगर चौक से पनियाला रोड तक विभिन्न स्थानों पर सांसद के कथित गुमशुदगी पोस्टर लगाकर विरोध दर्ज कराया।
धरनास्थल पर पहुंचे पूर्व विधायक एवं दर्जाप्राप्त
राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल को भी लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक वहीं रोके रखा और समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की। लोगों का कहना था कि अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि धरातल पर काम शुरू होता दिखाई देना चाहिए। राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री से वार्ता हुई है और शासन स्तर पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। क्षेत्रवासी मेरे परिवार के सदस्य हैं उनकी नाराजगी स्वाभाविक है। मंगलवार से नाले की खुदाई का कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा लेकिन धरनारत लोगों ने साफ कर दिया है कि जब तक कार्य शुरू नहीं होता आंदोलन जारी रहेगा। धरना संचालक सतीश शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो शाम को मुख्यमंत्री,सांसद,रुड़की झबरेड़ा और कलियर विधायक सहित मेयर की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली जाएगी।

