देवभूमि को नशामुक्त बनाने की मुहिम के बीच हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी की हासिल ,,,
हरिद्वार:
देवभूमि को नशामुक्त बनाने की मुहिम के बीच हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीले इंजेक्शनों का धंधा चला रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी के कब्जे से 50 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए हैं। आरोपी मजदूरों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर लालच में इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था, लेकिन बहादराबाद पुलिस की पैनी नजर से वह बच नहीं सका।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार-2026” व “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीमों को प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान नहर पटरी से ज्वालापुर की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित हैंडपंप के पास से आरोपी राव रिहान पुत्र अहसान निवासी बढ़ेडी राजपूतान, कोतवाली बहादराबाद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह डी-फार्मा का छात्र रह चुका है और उसका मेडिकल स्टोर भी है। दवाइयों की जानकारी होने के कारण उसने सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों के बीच नशीले इंजेक्शनों की मांग को देखते हुए लालच में आकर इस अवैध कारोबार की शुरुआत कर दी। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा बरामद माल में कुल 50 नशीले इंजेक्शन BUPRENORPHINE INJECTION IP LEGESIC शामिल हैं, जिनकी अवैध तस्करी की जा रही थी। कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल नितुल यादव और कांस्टेबल पंकज बिष्ट शामिल रहे, जिनकी सक्रियता और सतर्कता से नशे के कारोबार में लिप्त आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया।

