वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एक ओर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस और हरिद्वार पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक की आयोजित ,,,
हरिद्वार;
आगामी कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने की तैयारियों के साथ-साथ लंबित मुकदमों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एक ओर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस और हरिद्वार पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई, वहीं दूसरी ओर एसपी सिटी अभय सिंह ने नगर क्षेत्र के सभी विवेचकों का ओआर (ऑर्डरली रूम) लेकर विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
विवेचकों का ओआर, समयबद्ध विवेचना पर जोर…..
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी सिटी अभय सिंह ने अपने कार्यालय में नगर क्षेत्र के सभी विवेचकों का ओआर आयोजित किया। इस दौरान प्रत्येक विवेचक से लंबित मुकदमों की वर्तमान स्थिति, विवेचना की प्रगति व निस्तारण में लग रहे समय के कारणों की विस्तार से जानकारी ली गई।
एसपी सिटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर निर्धारित समयावधि के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विवेचना का मजबूत निष्कर्ष समय पर न्यायालय तक पहुंचे और पीड़ित पक्ष को बिना अनावश्यक विलंब के न्याय मिल सके।
कांवड़ मेले को लेकर यूपी-हरिद्वार पुलिस की संयुक्त रणनीति……
इधर, एसएसपी के निर्देशानुसार आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के मद्देनजर कोतवाली मंगलौर क्षेत्र स्थित शुगर मिल सभागार में हरिद्वार पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात निशा यादव व एसपी देहात शेखर सुयाल ने किया।
बैठक में कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, डायवर्जन प्लान, सुरक्षा प्रबंधन, अधूरे कार्यों को समय से पूरा कराने और दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्ययोजना पर सहमति जताई।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद…..
हरिद्वार पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात निशा यादव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल, क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनव चौधरी, क्षेत्राधिकारी रुड़की ओशीन जोशी, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी यातायात विपेन्द्र, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर भगवान सिंह मेहर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर व कांवड़ मेला सेल हरिद्वार के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक नगर, सहारनपुर शैलेन्द्र कुमार, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक, मुजफ्फरनगर अतुल चौधरी, क्षेत्राधिकारी नगर, मुजफ्फरनगर विनय द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी देवबंद एस.के. गौतम, निरीक्षक (कांवड़ मेला) विनोद कुमार, थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार, थानाध्यक्ष फतेहपुर विरेन्द्र राणा, थानाध्यक्ष गागलहेड़ी धर्मेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष पुरकाजी मानवेन्द्र सिंह, टीएसआई सहारनपुर इन्द्रजीत तोमर तथा टीएसआई मुजफ्फरनगर राकेश कुमार उपस्थित रहे।

