जहरीला चारा बना काल- धनौरी में दो मवेशियों की मौत,कई की हालत गंभीर,,,
कलियर।
रुड़की के धनौरी क्षेत्र में पुरानी गंगनहर के किनारे जहरीली घास चरने से दो मवेशियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य पशुओं की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से पशुपालकों में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बीमार पशुओं का उपचार शुरू किया। धनौरी क्षेत्र के रहने वाले पशुपालक रोज की तरह आज भी अपने मवेशियों को चराने के लिए पुरानी गंगनहर के किनारे लेकर पहुंचे थे। चराई के दौरान जैसे ही मवेशियों ने वहां उगी घास खाई कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कई पशु घबराकर इधर-उधर भागने लगे और कुछ अचानक जमीन पर गिरकर तड़पने लगे। यह मंजर देखकर पशुपालकों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पशु चिकित्सा विभाग को दी गई हालांकि डॉक्टरों के मौके पर पहुंचने से पहले ही दो मवेशियों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद चिकित्सकों ने अन्य प्रभावित पशुओं का इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार कई पशुओं की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अपने मवेशियों की मौत से कई परिवार सदमे में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जहरीले चारे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्रभावित पशुपालकों को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।

