रोड़ीबेलवाला में झाड़ियों से मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में हरिद्वार पुलिस को बड़ी मिली सफलता ,,,
हरिद्वार।
रोड़ीबेलवाला में झाड़ियों से मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। घायल आरोपित ने पूछताछ में महिला की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार 28 जून को आस्था पथ स्थित गंगा रोखड़ की झाड़ियों में 25 से 30 वर्ष की अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने और मुंह दबाने से दम घुटने के कारण होना सामने आया। गर्दन और नाक की हड्डी टूटने के साथ शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले। इसके बाद नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम दूधिया बंध तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
घायल आरोपित की पहचान बिजनौर के नहटौर निवासी जीशान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर महिला की हत्या करने की बात कबूल की। घायल आरोपित को उपचार के लिए मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई। मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपित से हत्या के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। फरार आरोपित की तलाश और महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं।

