नारसन क्षेत्र में शर्मनाक घटना आयी सामने 95 वर्षीय नानी से कलयुगी नाती ने किया बलात्कार, आरोपी पुलिस हिरासत में,,,
रुड़की/मंगलौर
अनवर राणा।
रिश्तों को किया शर्मसार कलयुगी नाती ने 95 वर्षीय नानी से किया बलात्कार आरोपी पुलिस हिरासत में।
रुड़की: मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार और इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नारसन चौकी क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में धुत युवक पर अपनी 95 वर्षीय नानी से दुष्कर्म करने का आरोप है। विरोध करने पर उसने बुजुर्ग महिला का गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया। महिला के बेहोश होने और परिजनों के जागने पर आरोपी की करतूत सामने आई। गुस्साए परिजनों ने उसे पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।
तीन साल से गांव में रह रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी कमल (काल्पनिक नाम) युवक मूल रूप से ज्वालापुर का रहने वाला है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से अपनी नानी के गांव में उनके घर के पास ही किराये के मकान में रह रहा था। गुरुवार रात करीब 12 बजे वह शराब के नशे में नानी के घर पहुंचा। परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे, जबकि 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला अलग कमरे में सो रही थीं।
कमरे में घुसकर वारदात, विरोध पर दबाया गला
आरोप है कि युवक बुजुर्ग महिला के कमरे में घुस गया और उनके साथ दुष्कर्म किया। जब महिला ने शोर मचाने और विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। गला दबाने से महिला बेहोश हो गई। इसी बीच आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्यों की नींद खुल गयी।
करतूत देख परिजनों के उड़ गए होश
परिजन कमरे में पहुंचे तो आरोपी की शर्मनाक करतूत देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। गुस्साए परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
गांव में दहशत, हर कोई घटना से स्तब्ध
95 वर्षीय महिला के साथ हुई इस शर्मनाक वारदात ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिश्तों को कलंकित करने वाली इस घटना से ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश है।

