सैकड़ों जिंदगियां बचाने वाले मोनू ने फिर किया कमाल, डूबते युवक को दिया नया जीवन,,,
रुड़की।
रुड़की में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मानसिक तनाव से परेशान एक युवक ने देर शाम गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए लेकिन इसी बीच अपनी जान की परवाह किए बिना गंगनहर में डूबते सैकड़ो लोगों की जान बचाने वाले मोनू जलवीर ने गंगनहर में छलांग लगा एक बार फिर बहादुरी का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना रुड़की के सोलानी पार्क के पास की है। जानकारी के मुताबिक न्यू आदर्श नगर निवासी युवक अरुण ने मानसिक तनाव के चलते देर शाम करीब 9 बजे गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक को डूबता देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान सैकड़ों लोगों की जान बचा चुके प्रसिद्ध मोनू जलवीर बिना देर किए गंगनहर में कूद पड़े। तेज बहाव के बीच उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने मोनू जलवीर की बहादुरी की जमकर सराहना की। समय रहते हुए इस साहसिक रेस्क्यू के चलते एक युवक की जिंदगी बच गई। स्थानीय लोगों ने मोनू जलवीर को एक बार फिर “रियल हीरो” बताते हुए उनके साहस और मानवता की सराहना की।

