जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस, पीएसी, पैरामिलिट्री और अर्धसैनिक बलों के साथ लगातार फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को दिया अंतिम रूप,,,
पिरान कलियर/हरिद्वार;
आस्था के महापर्व कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस, पीएसी, पैरामिलिट्री और अर्धसैनिक बलों के साथ लगातार फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा, जबकि आमजन और श्रद्धालुओं से पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।
आगामी कांवड़ मेले के मद्देनजर पिरान कलियर में क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय व प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और पीएसी बल ने भव्य फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च पिरान कलियर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरा, जहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान एसएसआई राजेश सिंह बिष्ट, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान सहित कोतवाली का समस्त पुलिस बल मौजूद रहा। क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय ने कहा कि कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
कनखल क्षेत्र में भी कांवड़ मेले के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह के नेतृत्व में कनखल पुलिस ने पैरामिलिट्री फोर्स, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, पीएसी व रिक्रूट आरक्षियों के साथ एरिया डोमिनेशन एवं फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च झंडा चौक, दक्ष मंदिर, बंगाली मोड़, होली चौक, पहाड़ी बाजार, घास मंडी सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित करते हुए कांवड़ मेले के सफल संचालन के लिए सुझाव साझा किए तथा सभी से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सभी संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
उधर, श्यामपुर थाना क्षेत्र में भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार थाना प्रभारी नितेश शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में नियुक्त अर्धसैनिक बल एसएसबी (SSB) के साथ संयुक्त रूप से एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से आवश्यक दिशा-निर्देश पुलिस बल एवं एसएसबी के अधिकारियों और जवानों को दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पुलिस एवं अर्धसैनिक बल पूरी तरह मुस्तैद हैं।

