हर हर महादेव जयघोष के साथ गुजरी मिसाइल वाली कांवड़- अग्नि-5 कांवड़ बनी देशभक्ति की अद्भुत मिसाल,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
हर-हर महादेव के जयघोष के बीच कांवड़ मेले का आगाज़ हो चुका है। शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल भरकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं लेकिन रुड़की में कोर कॉलेज के पास हाईवे पर देर शाम एक ऐसी कांवड़ देखने को मिली जिसने सिर्फ भक्ति ही नहीं बल्कि देशभक्ति का जज़्बा भी जगा दिया। दिल्ली से आए तीन शिवभक्तों की यह कांवड़ पूरी तरह भारत के वीर जवानों को समर्पित थी। इसमें अग्नि-5 मिसाइल और परमाणु बम बनाए गए थे, जिन्हें देखकर हर कोई भारत माता के जयकारे लगाने लगा। जैसे ही यह अनोखी कांवड़ पहुंची, लोगों की निगाहें उस पर ठहर गईं। कांवड़ को भारतीय सेना के शौर्य और राष्ट्र की सामरिक शक्ति को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। अग्नि-5 मिसाइल, परमाणु शक्ति के प्रतीक और तिरंगे से सजी यह कांवड़ शिवभक्ति के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रही थी। कांवड़ यात्रा का नेतृत्व कर रहे दीपांशु भोले दिल्ली के पालम निवासी हैं। उनका कहना है कि यह कांवड़ उन वीर सैनिकों को समर्पित है जो दिन-रात देश की सीमाओं पर तैनात रहकर हमारी रक्षा करते हैं। दीपांशु ने बताया कि पिछले वर्ष वे ब्रह्मोस थीम की कांवड़ लेकर आए थे, जबकि इस बार उन्होंने अग्नि-5 मिसाइल और परमाणु शक्ति को शामिल किया है, ताकि सेना का हौसला बुलंद हो और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत हो। उन्होंने कहा कि यह कांवड़ पूरी तरह हमारे वीर जवानों को समर्पित है। वे सीमा पर तैनात हैं, तभी हम अपने घरों में सुरक्षित और चैन की नींद सो पाते हैं। पिछले साल हम ब्रह्मोस लेकर आए थे, इस साल अग्नि-5 और परमाणु शक्ति लेकर चल रहे हैं। हमारा उद्देश्य सेना का मनोबल बढ़ाना और देशभक्ति का संदेश देना है। रुड़की में यह अनोखी कांवड़ सिर्फ आकर्षण का केंद्र नहीं बनी,बल्कि उसने यह संदेश भी दिया कि शिवभक्ति और राष्ट्रभक्ति एक-दूसरे की पूरक हैं। एक ओर श्रद्धा का गंगाजल, दूसरी ओर भारत के वीर जवानों को नमन और इसी संगम ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, शक्ति और देशभक्ति का अद्भुत उत्सव बना दिया।

