रुड़की से दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू:-केबिनेट परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुड़की रोडवेज बस अड्डे से दिल्ली जाने वाली इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की से दिल्ली और मोदीनगर जाने वाले यात्रियों के लिए सोमवार को बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुड़की रोडवेज बस अड्डे से दिल्ली जाने वाली इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों तक आवागमन के लिए परिवहन का एक और सुविधाजनक साधन उपलब्ध हो गया है।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि यह निजी बसें रुड़की से मोदीनगर और दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें रुड़की रोडवेज बस अड्डे से निर्धारित समय पर रवाना होंगी। बस सेवा शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब पहले की अपेक्षा अधिक विकल्प मिल सकेंगे और उन्हें यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसों में वातानुकूलित सुविधा के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा के साथ सुरक्षा का भी बेहतर अनुभव मिलेगा। पर्यावरण की दृष्टि से भी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
रुड़की से दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों और दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से दिल्ली मार्ग पर बेहतर परिवहन विकल्प की मांग कर रहे यात्रियों के लिए इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।इस अवसर पर एआरटीओ जितेंद्र कुमार, परिवहन प्राधिकरण सदस्य संजय अरोड़ा, हरदीप सिंह, विशाल वर्मा, संजीव तोमर सहित परिवहन विभाग से जुड़े अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

