“वकील के इशारे पर पड़ोसी को पीटने और धमकाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार..

“वकील के इशारे पर पड़ोसी को पीटने और धमकाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार..

“वकील के इशारे पर पड़ोसी को पीटने और धमकाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार..

ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक भी जब्त..

हरिद्वार;
पड़ोसी से चल रहे विवाद को निपटाने के लिए कथित तौर पर युवकों को मोहरा बनाकर एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात शिवालिक नगर निवासी अधिवक्ता संदीप वर्मा से कराई गई थी। आरोप है कि अधिवक्ता ने पड़ोसी मोहित चौधरी के साथ चल रहे विवाद का हवाला देते हुए युवकों को उसे रास्ते में रोककर मारपीट करने और डराने के लिए कहा था।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घटना में शामिल युवकों की तलाश शुरू की। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड गुजर बस्ती क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त को शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी सुबह अपने घर से बीएचईएल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 बी स्थित खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट की व संदीप वर्मा को पांच लाख रुपये देने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना की सूचना पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्हें नौकरी लगवाने और रोशनाबाद में सब्जी की ठेली लगवाने का भरोसा दिलाया गया था। आरोप है कि मारपीट की घटना को अंजाम देने के लिए उन्हें तीन हजार रुपये भी दिए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 13 अगस्त की सुबह मोहित चौधरी का पीछा किया और सेक्टर-5 स्थित खोखा मार्केट के पास सुनसान स्थान देखकर उनकी बुलेट मोटरसाइकिल के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद मारपीट और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी पीड़ित की मोटरसाइकिल की चाबी भी अपने साथ ले गए और बाद में उसे जंगल में फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी…..
1:- हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी ग्राम मौजमपुर सदत, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 23 वर्ष
2:- आकाश पुत्र चंद्रया, निवासी ग्राम जुल्फकारपुर गड़ी, तहसील नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 22 वर्ष
3:- ऋषभ पुत्र मनोज, निवासी ग्राम ढाकी हुसैनपुर, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 21 वर्ष
4:- हिमांशु पुत्र मुनेश कुमार, निवासी ग्राम जगदीशपुर, नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 21 वर्ष

पुलिस टीम…..
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसांई, कांस्टेबल प्रेम सिंह और कांस्टेबल महेन्द्र सिंह शामिल रहे।

उत्तराखंड