पनियाला गोली कांड को लेकर भीम आर्मी संगठन से जुड़े पदाधिकारियो ने कार्यालय पहुंच कर एसपी देहात से की निष्पक्ष जांच की मांग,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की के पनियाला गांव में युवक को गोली लगने के मामले में अब नया मोड़ सामने आया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल एसपी देहात कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि संगठन के पदाधिकारियों को मामले में गलत तरीके से नामजद कराया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना की जा रही है और किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा। दरअसल, पनियाला गांव में विशाल चौहान नाम के युवक को गोली लगने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। मामले में तहरीर के आधार पर गंगनहर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले में नाम सामने आने के बाद आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह,संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल समेत पदाधिकारी एसपी देहात कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
महक सिंह का कहना है कि घटना से जुड़े कई तथ्य अभी स्पष्ट होना बाकी हैं। उनका आरोप है कि संगठन के नाम को मामले से जोड़कर पदाधिकारियों की छवि प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस से साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने और क्षेत्र का माहौल खराब न होने देने की अपील की। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ा रही है। एसपी देहात अभय सिंह के मुताबिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज,चश्मदीदों के बयान तथा तकनीकी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। एसपी देहात ने स्पष्ट किया कि विवेचना निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।

