बाइक की टक्कर के बाद बवाल,लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप वीडियो वायरलर,,,
कलियर।
रुड़की की कोतवाली पिरान कलियर के धनौरी चौकी क्षेत्र के कोटा मुरादनगर गांव में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में छह लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। वहीं मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित रजत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आज सुबह उनके पिता धूम सिंह सड़क से जा रहे थे। इसी दौरान गांव का सचिन तेज रफ्तार बाइक से आया और गलत दिशा में जाकर उनके पिता को टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर का विरोध करने पर सचिन ने अपने भाई सोहित,रोहित, गुलाब और सोलांकी के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। मारपीट में छह लोगों के घायल होने की सूचना है जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित पक्ष ने मारपीट के दौरान मंगलसूत्र और सोने की कान की बाली गिरकर गुम होने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

