रुड़की में 34वें श्री बाबा श्याम जन्मोत्सव की भव्य तैयारियां शुरू, 12 निर्धन कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह,,,
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की में श्री श्याम मित्र मंडल समिति की ओर से आयोजित होने वाले 34वें दो दिवसीय भव्य श्री बाबा श्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक महा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार महोत्सव में दूसरी बार धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक सरोकार की भी अनूठी मिसाल देखने को मिलेगी। आयोजन के तहत 12 निर्धन कन्याओं का भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं प्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान होगा। कार्यक्रम को लेकर एक निजी होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री एवं मंडल संरक्षक प्रदीप बत्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए समस्त श्याम प्रेमियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि समिति इस वर्ष 34वां दो दिवसीय श्री बाबा श्याम जन्मोत्सव एवं वार्षिक महा महोत्सव बेहद धूमधाम और भव्यता के साथ मनाने जा रही है। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है बल्कि समाज सेवा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना भी समिति की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के तहत 30 नवंबर को 12 निर्धन कन्याओं का भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह का सपना साकार करने का प्रयास किया जाएगा। मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा एवं प्रस्थान यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहर भ्रमण करेगी और वापस नेहरू स्टेडियम पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा के बाद 12 कन्याओं का विवाह समारोह विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाएगा। वहीं महोत्सव के दूसरे दिन 1 दिसंबर को भव्य वार्षिक महा महोत्सव एवं श्री बाबा श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान टी-सीरीज के प्रसिद्ध भजन गायक बृजराज सिंह, मध्य प्रदेश से अनुष्का अधिष्ठा और दिनेश बजरंगी अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम में बाबा श्याम का भव्य एवं आकर्षक दरबार सजाया जाएगा जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल ने कहा कि श्री श्याम मित्र मंडल समिति पिछले कई वर्षों से बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा और सेवा भाव के साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। 34वें महोत्सव को लेकर इस बार भी समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।उन्होंने कहा कि 12 निर्धन कन्याओं का विवाह कराना समिति के लिए केवल एक आयोजन नहीं बल्कि जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का एक बड़ा अवसर है। समिति का प्रयास है कि सभी कन्याओं का विवाह सम्मानजनक और यादगार तरीके से संपन्न कराया जाए, ताकि उनके परिवारों को किसी प्रकार की कमी महसूस न हो। उन्होंने सभी श्याम प्रेमियों, धर्मप्रेमियों और नगरवासियों से दोनों दिन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

