*छात्रवृत्ति घोटाला: एसआइटी ने कराई गीताराम नौटियाल की मुनादी, घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा*
(देशराज) रुड़की। छात्रवृत्ति घोटाले में समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल के खिलाफ देहरादून की एंटी करप्शन कोर्ट से गैर जमानती वारंट 20 दिन पहले जारी हुए थे। एसआइटी ने नौटियाल की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन अभी तक उनका कुछ पता नहीं चल पाया है जिसके बाद एसआइटी ने नौटियाल की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए कोर्ट से अनुमति मांगी। चार दिन पहले कोर्ट ने नौटियाल के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई को हरी झंडी दिखा दी थी। शुक्रवार को एसआइटी की एक टीम देहरादून में बसंत विहार स्थित गीताराम नौटियाल के घर पहुंची। टीम ने नौटियाल के घर पर नोटिस चस्पा करने के साथ-साथ ढोल के साथ आस-पास के क्षेत्र में मुनादी कराई। इसमें गीताराम नौटियाल से जल्द से जल्द सरेंडर करने के लिए कहा गया है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि नौटियाल जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। एसआईटी प्रभारी मंजूनाथ टीसी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट की अनुमति पर गीताराम नौटियाल के घर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया है। मुनादी भी कराई गई है। जल्द ही नौटियाल खुद को कानून के हवाले नहीं करते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी। छात्रवृत्ति घोटाले में जेल गए समाज कल्याण विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक अनुराग शंखधर के खिलाफ ट्रायल की अनुमति मिल गई है। कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए अनुराग शंखधर के खिलाफ देहरादून की एंटी करप्शन कोर्ट में ट्रायल शुरू किया जाएगा। छात्रवृत्ति घोटाले में कार्रवाई की जांच विभाग के अधिकारियों तक पहुंच रही है। एसआइटी ने बीते 19 मई को समाज कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक रहे अनुराग शंखधर को गिरफ्तार किया था। शंखधर छात्रवृत्ति घोटाले के दौरान हरिद्वार और देहरादून जनपद में जिला समाज कल्याण अधिकारी रह चुके हैं। वहीं, पांच दिन पहले ही एसआइटी ने भगवानपुर ब्लॉक के सहायक समाज कल्याण अधिकारी सोमप्रकाश और दो रिटायर्ड अधिकारी मुनेश त्यागी और विनोद नैथानी को भी गिरफ्तार किया है। विभाग के मौजूदा संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कुछ दिन पहले ही अनुराग शंखधर जमानत पर जेल से बाहर आए हैं। उनके खिलाफ ट्रायल चलाने के लिए एसआइटी ने शासन से अनुमति मांगी थी।