पाड़ली गुर्जर गांव में घर पर अंधाधुंध फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात…
रुड़की।
रुड़की से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक घर को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाड़ली गुर्जर गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि किस तरह दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने शनिवार देर रात गांव में प्रवेश किया। बिना किसी डर के, इन बदमाशों ने एक घर के बाहर रुककर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन हमलावरों की ये हिमाकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित की ओर से दी गई तहरीर में कुछ स्थानीय लोगों की पहचान की गई है, जबकि कुछ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रार्थी की तहरीर और मौके से मिले एविडेंस के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और हमलावरों की धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों के भागने के रूट और उनकी पहचान पुख्ता करने में जुटी है। लेकिन सवाल वही है कि आखिर सरेआम फायरिंग करने वाले इन बदमाशों को कानून का खौफ क्यों नहीं है?

