कलियर उर्स में आस्था तार-तार, इबादत के पंडाल में हुआ अश्लील नृत्य, डांसरों पर उड़ाए गए नोट….
रुड़की।
अनवर राणा।
रुड़की के पिरान कलियर स्थित हज़रत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक का सालाना उर्स, जहाँ देश-विदेश से लाखों ज़ायरीन रूहानी सुकून और अपनी मन्नतों के साथ पहुंचते हैं। लेकिन इस पवित्र मुक़ाम से आई एक ताज़ा तस्वीर ने अकीदतमंदों के दिलों को ठेस पहुँचाई है।
ज़ायरीनों की सहूलियत और इबादत के लिए लगाए गए पंडालों के भीतर न केवल मर्यादा का उल्लंघन हुआ, बल्कि पवित्रता और आस्था पर भी गहरा प्रहार किया गया।
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि पंडाल के भीतर नृत्य का आयोजन किया जा रहा है, जहाँ लोग डांसरों पर खुलेआम नोट न्योछावर कर रहे हैं और जश्न मना रहे हैं। सूफी परंपरा और धार्मिक अनुशासन के विपरीत, इबादत की जगह को मनोरंजन और प्रदर्शन का अड्डा बना दिया गया।
स्थानीय श्रद्धालुओं और अकीदतमंदों ने इस पर गहरा रोष जताया है। लोगों का कहना है कि पवित्र स्थान पर ऐसी गतिविधियां धार्मिक आस्था का अपमान हैं और प्रबंधकों को इस पर सख्त रुख अपनाना चाहिए।

