चार दिन पूर्व थाना सेलाकुई क्षेत्र में मिले शव की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को किया गिरफ्तार,,,
देहरादून:
चार दिन पूर्व थाना सेलाकुई क्षेत्र में मिले शव की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या का कारण पैसों का लेनदेन सामने आया है। पुलिस ने हत्यारोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। दरअसल बीती 4 मई को थाना सेलाकुई पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के एक खंडहर में खून से लतपथ एक व्यक्ति पड़ा है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने उस व्यक्ति को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया जहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मृतक की पहचान कामिल पुत्र सलीम निवासी सिंघनीवाला सहसपुर के रूप में हुई। प्रथमदृष्टया मामला हत्या का होने के चलते मौके पर फील्ड यूनिट की टीम बुलाकर घटनास्थल की वीडियो/फोटोग्राफी कराते हुए साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। मृतक के पिता सलीम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांचपड़ताल शुरू की गई।
घटना की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान अजय सिंह ने थानाध्यक्ष सेलाकुई को तत्काल घटना के अनावरण के लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए। जिसपर थानाध्यक्ष सेलाकुई शैंकी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगें सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए मृतक के परिजनों से पूछताछ की। मृतक के पिता सलीम ने पुलिस को बताया कि मृतक कामिल ई-रिक्शा चलाने का काम करता था घटना के दिन भी कामिल ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था। सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन करने पर प्रकाश में आया कि घटना के दिन कामिल के ई-रिक्शा में उसका एक साथी मोनू उर्फ इरशाद उसके साथ देखा गया। मोनू की जानकारी करने पर पता चला कि घटना के बाद से ही वह घर से फरार है। सन्दिग्धता के आधार पर पुलिस टीम ने सुरागरसी पतारसी करते हुए मुखबिर की सूचना पर मोनू उर्फ इरशाद पुत्र इरफान अली निवासी सिंधनीवाला थाना पटेलनगर देहरादून को गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कुबूल किया जिसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई खून लगी ईंट और मृतक के खून लगे कपड़े भी बरामद कर लिए गए।
—————————————-
पैसों का लेनदेन बना हत्या की वजह……
गिरफ्तार हत्यारोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह ड्राइवर है, और मृतक से उसकी पुरानी जान-पहचान थी। दोनो साथ मिलकर अक्सर नशा करते थे, और आपस मे लेनदेन भी किया करते थे। घटना के दिन भी दोनो ने पहले नशा किया, इसी बीच पैसों के हिसाब को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया, और मोनू ने ईंट से कामिल के सिर पर वार कर दिया, जिससे कामिल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मोनू मृतक का ई-रिक्शा लेकर घटनास्थल से निकला और ई-रिक्शा को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
—————————————-
पुलिस टीम में….
1:- शैंकी कुमार, थानाध्यक्ष सेलाकुई
2:- कांस्टेबल बृजेश रावत
3:- कांस्टेबल उपेंद्र भंडारी
4:- कांस्टेबल सुधीर
5:- कांस्टेबल मुकेश भट्ट
6:- कांस्टेबल मुकेश पूरी
7:- कांस्टेबल रणजीत राणा
8:- कांस्टेबल एसओजी जितेंद्र सिंह