बहादराबाद थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला आया सामने,न्याय के नाम पर धोखाधड़ी,,,
हरिद्वार:
बहादराबाद थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां न्याय के नाम पर एक पीड़ित मां से लाखों की ठगी कर ली गई। बहुचर्चित शांतरशाह सामूहिक दुष्कर्म और हत्या कांड से जुड़े इस प्रकरण में एक कथित भीम आर्मी नेता ने मृतका की मां को न्याय दिलाने का झांसा देकर ₹3,20,000 ठग लिए। अब पुलिस आरोपी को कानूनी कंगन पहनाने की तैयारी कर रही है।
————————————–
कैसे हुआ फर्जी इंसाफ का खेल…?
दरअसल मामला 24 जून 2024 का है, जब बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। पुलिस की जांच में सामने आया कि पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस वीभत्स कांड में पुलिस ने नाबालिग के प्रेमी सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सरकार की ओर से मृतका की मां को मुआवजे के रूप में करीब ₹8 लाख की सहायता राशि दी गई। लेकिन मदद की इस रकम पर कुछ लालची नजरें गड़ा चुकी थीं। इन्हीं में से एक था नीरज पुत्र स्वर्गीय दयावान, निवासी बहादरपुर सैनी, हरिद्वार, जो खुद को भीम आर्मी का नेता बताकर पीड़ित परिवार के करीब आया।
—————————————-
‘इंसाफ दिलाने’ के नाम पर लाखों की ठगी….
नीरज ने मृतका की मां को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले में सभी अपराधियों को कठोर सजा दिलाने के लिए पूरा प्रयास करेगा। लेकिन यह केवल एक धोखा था.! उसने इस झूठे दावे के जरिए पीड़िता से ₹3,20,000 ऐंठ लिए। जब महिला ने अपनी गाढ़ी कमाई वापस मांगी, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।
—————————————-
पुलिस ने कस लिया शिकंजा….
पीड़िता की शिकायत पर थाना बहादराबाद में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाने की तैयारी हो रही है।
————————————–
न्याय के नाम पर धोखाधड़ी…!
यह मामला उन लोगों के लिए भी एक सबक है जो न्याय की आड़ में पीड़ितों को ठगने का धंधा चला रहे हैं। पीड़िता को न्याय दिलाने के नाम पर उसके साथ ही धोखा करने वाले इस कथित नेता का असली चेहरा सामने आ चुका है। अब देखना यह होगा कि हरिद्वार पुलिस कब तक इस जालसाज को सलाखों के पीछे पहुंचाती है और क्या पीड़िता को उसका लूटा हुआ पैसा वापस मिल पाएगा.?