होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद घोटाले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त ,,,
देहरादून।
होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद घोटाले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त कार्रवाई की है। एक करोड़ रुपये की वर्दी सामग्री तीन करोड़ रुपये में खरीदे जाने के आरोपों के बीच निदेशक होमगार्ड्स (डिप्टी कमांडेंट/डीआईजी) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की गहराई से जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रकरण वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी खरीद से जुड़ा है। टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं और नियमों की अनदेखी के आरोप सामने आए थे। महानिदेशक, होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा की रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और तय मानकों के उल्लंघन की बात सामने आई।
रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबन के आदेश दिए और संयुक्त कमेटी से पूरे मामले की जांच कराने को कहा। जांच में खरीद दरों, टेंडर शर्तों और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई तय है।

