शासन के आदेश पर शिक्षा विभाग के दो अहम पदों पर नए अधिकारियों ने कार्यभार किया ग्रहण,,,
हरिद्वार।
शासन के आदेश पर शिक्षा विभाग के दो अहम पदों पर नए अधिकारियों ने कार्यभार संभाल लिया। जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा और जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के पद पर ज्वाइनिंग के मौके पर जिला मुख्यालय में बड़ी संख्या में शिक्षक और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
बताया गया कि जिले के तीनों शैक्षणिक पदों का कार्यभार देख रहे आशुतोष भंडारी के संयुक्त निदेशक पद पर पदोन्नति के आदेश जारी होने के बाद यह बदलाव हुआ। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा के पद पर अमित कुमार चंद और जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के पद पर नरेश कुमार हल्दियानी की तैनाती की गई। आदेशों के क्रम में सोमवार को दोनों अधिकारियों ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीईओ बेसिक अमित कुमार चंद का राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन की ओर से स्वागत किया गया। अपने संबोधन में अमित कुमार चंद ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता स्कूल और बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि वह जाति और धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि काम के आधार पर विश्वास रखते हैं। शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बेहतर पढ़ाई के जरिए स्कूलों में अच्छा शैक्षणिक माहौल बनाएं।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि सभी शिक्षक शैक्षणिक गतिविधियों में पूरा सहयोग करेंगे। महामंत्री दर्शन सिंह पंवार ने कार्यक्रम में मौजूद सभी पदाधिकारियों का परिचय कराया और दोनों अधिकारियों को बधाई दी। जिला उपाध्यक्ष डॉ. शिवा अग्रवाल ने डीईओ बेसिक को पटका पहनाकर स्वागत किया।
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नरेश कुमार हल्दियानी का भी शिक्षकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने बताया कि वह मुख्य शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाना और शिक्षकों व विद्यालयों से जुड़ी लंबित समस्याओं का निस्तारण उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण भट्टाचार्य, रवि कुमार गोस्वामी, शरद भारद्वाज, तेज प्रकाश, ब्लॉक अध्यक्ष अमर क्रांति, विनेश चौहान, मनोज सहगल, श्रीमती भावना, श्रीमती सपना, श्रीमती गीता, कुलदीप सिंह, खानपुर अध्यक्ष प्रमोद अधाना, कोषाध्यक्ष गोरखपाल, लक्सर इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, जाहिद आलम, नितिन कुमार, प्रदीप कुमार, कुलशेखर, विजय प्रताप, रजनीश कुमार, राजेश कुमार, अश्विनी, अमरेश सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

