धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार करने हरिद्वार पहुंची मुजफ्फरनगर के छपार थाने की पुलिस टीम पर ज्वालापुर क्षेत्र में जानलेवा हमला ,,,
हरिद्वार:
धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार करने हरिद्वार पहुंची मुजफ्फरनगर के छपार थाने की पुलिस टीम पर ज्वालापुर क्षेत्र में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी के बेटे ने अपने साथियों के साथ थार गाड़ी से पुलिस वाहन में टक्कर मारकर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। हमले में एक दरोगा, एक सिपाही और एक महिला सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने सात नामजद व चार अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मुजफ्फरनगर के छपार थाने में तैनात दारोगा अनुराग सिंह ने शिकायत देकर बताया कि वह सिपाही मोहित, अनिल कुमार व महिला सिपाही प्राची के साथ धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी संजय निवासी ए-14 सुभाष नगर, ज्वालापुर की तलाश में हरिद्वार आए थे। ज्वालापुर कोतवाली में आमद दर्ज कराने के बाद टीम आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह नहीं मिला। उसके बेटे ईशांत को मुकदमे की जानकारी दी गई।
कुछ देर बाद संजय त्रिमूर्ति बाजार की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उससे पूछताछ की कोशिश की, लेकिन उसने सहयोग नहीं किया। इसी दौरान उसका बेटा ईशांत अपने साथियों के साथ थार गाड़ी से मौके पर पहुंच गया और पुलिस से अभद्रता करने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने संजय को हिरासत में ले लिया।
पुलिस टीम संजय को लेकर मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में ईशांत की थार और एक काले रंग की स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने पुलिस वाहन का पीछा किया और भूमानंद अस्पताल के पास जान से मारने की नियत से कई बार टक्कर मारी। इस हमले में दरोगा अनुराग सिंह, महिला सिपाही प्राची और सिपाही अनिल घायल हो गए। सूचना पर ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई खेमेन्द्र गंगवार एक टीम को लेकर आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और पुलिस को आरोपियों से छुड़ाया। हमले में ईशांत पुत्र संजय, शिवम मलिक पुत्र अनुज, अमन पुत्र गजेन्द्र, अनुज मलिक, कुणाल त्यागी और अनिरुद्ध सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि ईशांत, शिवम मलिक व अमन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अनिरुद्ध सहित अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम
1-वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार
2-उप निरीक्षक रविंद्र जोशी
3-कांस्टेबल मनोज डोभाल
4-कांस्टेबल भागचंद
5-कांस्टेबल ताजवर चौहान

