पंजनहेड़ी गोलीकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों में देखने को मिला आक्रोश,,,
हरिद्वार:
पंजनहेड़ी गोलीकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान और ग्राम प्रधान प्रदीप चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों व समर्थकों का प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह से मुलाकात कर अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 28 जनवरी को ग्राम पंजनहेड़ी स्थित उषा टाउनशिप में हुए गोलीकांड में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान के भाई सचिन चौहान और रिश्तेदार कृष्णपाल पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में मातृसदन के ब्रह्मचारी सुधानंद को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि अन्य आरोपी भाजयुमो प्रदेश मंत्री तरुण चौहान पुत्र दीपक, गौरव चौहान पुत्र प्रदीप कुमार, अभिषेक चौहान उर्फ सिम्मी पुत्र सतवीर और अभिषेक पुत्र त्रिलोक चंद अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित पक्ष और उनके परिवार को गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि तरुण चौहान और गौरव चौहान के पास लाइसेंसी हथियार हैं, जिन्हें निरस्त किया जाना चाहिए।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने एक सूत्री मांग सुनते हुए आश्वासन दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अवनीश चौहान, राहुल चौहान, संजय चौहान, चंदन सिंह, अंकित चौहान, राजकुमार, आकाश कुमार, शंकर, गौतम कुमार, विनीत चौहान, सहदेव, अभिषेक उर्फ शानू चौहान, विशाल, शैलेंद्र मिश्रा, तरुण चौहान, राहुल, योगेंद्र चौहान, अंकित, दिवाकर, राकेश चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व समर्थक मौजूद रहे।

