राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े बेखौफ हमलावरों ने स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा को गोलियों से भूना,,,
देहरादून:
राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े बेखौफ हमलावरों ने स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा को गोलियों से भून दिया। वारदात उस समय हुई जब वह जिम करने के बाद सिटी सेंटर से बाहर निकल रहे थे। पहले से घात लगाए दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जबकि तीसरा साथी मुख्य सड़क पर बाइक लेकर तैयार खड़ा था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि 45 वर्षीय विक्रम शर्मा मूल रूप से काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करते थे और देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रहते थे। सुबह करीब 10:30 बजे जिम से नीचे उतरते समय हमलावरों ने उन पर तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, उन्हें पहले से खतरे की आशंका थी और वे खुद भी हथियार लेकर पहुंचे थे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें संभलने या प्रतिक्रिया देने का मौका तक नहीं दिया। पुलिस इस हत्याकांड को सुनियोजित साजिश मानते हुए हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

